बारासात अस्पताल निरीक्षण में अव्यवस्था पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्टीकरण मांगा
कोलकाता, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने गुरुवार को बारासात अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रोगी सेवा और अस्पताल की व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद अस्पताल के वार्ड मास्टर सहित कई कर्मचारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
गुरुवार सुबह से स्वास्थ्य मंत्री लगातार विभिन्न सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में वह बारासात अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अव्यवस्थित स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार, बारासात अस्पताल के वार्ड मास्टर सहित कई संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना जारी की गई है। स्वास्थ्य भवन ने सभी से 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी पर दोषारोपण करने से कोई लाभ नहीं है। यह व्यवस्था की जिम्मेदारी है और अब इसकी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर है। चाहे यह स्थिति किसी के कार्यकाल में बनी हो, अब इसे सुधारना मेरा दायित्व है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में रोगी सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं में सुधार सरकार की प्राथमिकता है तथा लापरवाही के प्रति किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।















