बर्दवान में भाजपा के कार्यक्रम में हमला
पूर्व
बर्दवान, बर्दवान शहर के श्यामलाल इलाके में भाजपा के
कार्यक्रम को लेकर शनिवार रात तनाव फैल गई। भाजपा का आरोप है कि पार्टी
कार्यकर्ताओं कर्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक एक समूह ने पार्टी पर हमला कर
दिया। हमले में भाजपा के 6 नंबर नगर मंडल की अध्यक्ष सर्वाणी अधिकारी समेत
कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। घायलों का इलाज बर्दवान मेडिकल
कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।
शनिवार रात घायल भाजपा
कार्यकर्ताओं से मिलने बर्दवान दक्षिण की विधायक एवं उद्योग राज्य मंत्री
मौमिता विश्वास मिश्रा अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पूरे मामले में कड़ी
कार्रवाई की चेतावनी दी।
मौमिता विश्वास मिश्रा ने आरोप लगाया कि
चार मई शाम के बाद से इलाके में राजनीतिक पहचान बदलने की प्रवृत्ति देखने
को मिल रही है। उनका दावा है कि तृणमूल कांग्रेस के एक वर्ग से जुड़े कुछ
दोषी दल बदलकर खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताने की कोशिश कर रहे हैं। उनके
अनुसार, ऐसे लोग इलाके में अशांति, मारपीट और वसूली जैसी गतिविधियों को
बढ़ावा दे रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि जर्सी बदल लेने से क्या कोई
भाजपा का हो जाता है? भाजपा को बर्दवान के लोग जानते हैं, पश्चिम बंगाल के
लोग जानते हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी के
नाम का इस्तेमाल कर कोई दोषी अशांति फैलाएगा तो भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं
करेगी। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई
जाएगी। उनके शब्दों में, "न खाएंगे, न खाने देंगे—कुछ भी नहीं।" भाजपा की
पहचान की आड़ में वसूली या आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार
नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने पिछली सरकार के दौरान पुलिस की भूमिका
पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि उस समय पुलिस को निष्क्रिय बनाकर रखा गया
था। हालांकि वर्तमान सरकार ने पुलिस को सक्रिय किया है और कानून के अनुसार
प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
मौमिता
विश्वास मिश्रा ने कहा कि किसी भी दोषी को हम समाज में खुलेआम घूमने नहीं
देंगे। पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करना होगा और उन्हें जेल में रहना होगा।
अस्पताल
में भर्ती सर्वाणी अधिकारी की स्थिति के बारे में मंत्री ने बताया कि वह 6
नंबर मंडल की अध्यक्ष हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचने
के दौरान उन पर हमला किया गया। मारपीट के कारण कुछ समय के लिए उन्होंने होश
भी खो दिया था। बाद में उन्हें होश आया। मंत्री के अनुसार, उनकी गर्दन पर
भी चोट लगी है। फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर बताई जा रही है।















