रायदीघी में अभिषेक बनर्जी का वादा, जल्द बनेगा मथुरापुर महकमा
कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की जनसभा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को रायदिघी के लोग करीब चार घंटे तक इंतजार करते रहे। लोगों के इसी उत्साह को देखकर अभिषेक बनर्जी ने दक्षिण 24 परगना से एक बार फिर विपक्ष को राजनीतिक रूप से परास्त करने का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह रायदीघी के लोगों ने बिना मांगे ही तृणमूल कांग्रेस को भरपूर समर्थन दिया है, उसी तरह अब मथुरापुर को महकमा बनाने का आश्वासन दिया जा रहा है।
डायमंड हार्बर के सांसद के रूप में दक्षिण 24 परगना में अभिषेक बनर्जी द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां जो विकास की पहल हुई है, वह पूरे राज्य ही नहीं बल्कि देश के लिए भी अनुकरणीय बनी है। अपने दायित्व की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि जब उन्हें इस जिले का जनप्रतिनिधि बनने का अवसर मिला है तो लोगों को निश्चिंत रहना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी सेवा की शुरुआत होती है तो दक्षिण 24 परगना उसे सबसे पहले प्राप्त करेगा।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल और बंगालियों के विरोधी भाजपा चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर राज्य में चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
रायदीघी की सभा से उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मथुरापुर–रायदीघी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा से पहले लोगों को सच्चाई दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगालियों के खान-पान पर भी राजनीति कर रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब भाजपा को हाथ में रुई, कातला और इलीश मछली लेकर प्रचार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बाहरी लोग अंतिम फैसला नहीं करते, बंगाली ही अंतिम फैसला करते हैं।
दक्षिण 24 परगना से तृणमूल कांग्रेस को मिले भारी जनसमर्थन के लिए आभार जताते हुए अभिषेक बनर्जी ने मंच से घोषणा की कि मथुरापुर को महकमा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से चर्चा कर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि काकद्वीप, डायमंड हार्बर और अलीपुर महकमा हो सकते हैं, तो मथुरापुर क्यों नहीं। महकमा बनने से यहां महकमा अदालत और महकमा कार्यालय स्थापित होंगे, जिससे स्थानीय लोगों को कई प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी।















