ब्रिटेन में रूस का राजदूत पद खाली, मॉस्को ने रिश्तों में गिरावट के लिए लंदन को ठहराया जिम्मेदार
लंदन, रूस ने पुष्टि की है कि ब्रिटेन में उसका कोई राजदूत
फिलहाल पद पर नहीं है। रूसी दूतावास ने हालांकि उन खबरों को खारिज किया कि
मॉस्को ब्रिटेन के साथ राजनयिक संबंधों का स्तर कम करने की तैयारी कर रहा
है। साथ ही रूस ने दोनों देशों के रिश्तों में आई भारी गिरावट के लिए लंदन
को जिम्मेदार ठहराया है।
रूसी दूतावास का यह बयान मीडिया रिपोर्टों
के बाद आया, जिनमें कहा गया था कि ब्रिटेन में रूस के राजदूत रहे आंद्रेई
केलिन का राजनयिक कार्यकाल समाप्त हो गया है और उनकी जगह अब तक किसी नए
प्रतिनिधि के नाम की घोषणा नहीं की गई है।
दूतावास ने अपने बयान में
कहा कि केलिन के कार्यकाल समाप्त होने का यह अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए
कि रूस दोनों देशों के राजनयिक संबंधों को औपचारिक रूप से कम कर रहा है।
रूस का आरोप है कि विभिन्न क्षेत्रों में रूस-ब्रिटेन के संबंध अभूतपूर्व
रूप से निचले स्तर पर पहुंच गए हैं और इसके लिए ब्रिटेन की नीतियां
जिम्मेदार हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सात वर्षों से अधिक समय
तक ब्रिटेन में रूस के राजदूत रहे केलिन ने 21 जुलाई को अपना पद छोड़ दिया
था। उनकी जगह नए राजदूत की नियुक्ति कब होगी, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट
जानकारी नहीं है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने इस मामले को रूस के
विदेश मंत्रालय का विषय बताया है। ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसका
मॉस्को में अपना राजदूत और दूतावास मौजूद है, जिसके माध्यम से वह रूसी
सरकार के समक्ष अपने मुद्दे और चिंताएं रखता रहेगा।
ब्रिटेन ने
यूक्रेन के समर्थन को दोहराते हुए कहा कि वह रूस के खिलाफ युद्ध में कीव के
साथ खड़ा है। यूक्रेन युद्ध को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव पहले से ही
गहरा है। रूस ने हाल में ब्रिटेन को चेतावनी भी दी थी कि यदि यूक्रेन को दी
जा रही सैन्य सहायता के जरिए रूस के भीतर हमले जारी रहे तो लंदन को इसकी
“कीमत” चुकानी पड़ सकती है।
ब्रिटेन 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने
पर यूक्रेन पर हमले के बाद से कीव के प्रमुख समर्थकों में शामिल रहा है।
इसी बीच, यूक्रेन ने रूस के भीतर लंबी दूरी के हमले तेज किए हैं, जबकि रूस
ने यूक्रेनी शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों में तेजी लाई है।














