इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भूकंप, लोग दहशत में
जकार्ता
(इंडोनेशिया), इंडोनेशिया में आज सुबह आए शक्तिशाली
भूकंप से ईस्ट नुसा तेंगारा में दहशत फैल गई। लोग घरों से निकलकर सुरक्षित
स्थान की तरफ भागने लगे। भूकंप का सर्वाधिक असर तालिबुरा गांव, सिक्का,
पूर्वी नुसा तेंगारा में देखा गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.7
दर्ज की गई। भूकंप से कई इलाकों में घरों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान
पहुंचा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
मिली। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे और इंडोनेशियाई अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की
है।
जकार्ता ग्लोब और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ईस्ट नुसा
तेंगारा में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप से मंग्गाराई रीजेंसी के वेस्ट सिबल
जिले के लेंडा गांव में एक घर तबाह हो गया। भूकंप के तेज झटकों से कई
इलाकों में मकानों को नुकसान पहुंचा है।अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना
नहीं है। तड़के आए इस भूकंप का असर फ्लोरेस द्वीप पर भी पड़ा है। भूकंप का
केंद्र ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांत में एंडे से लगभग 68 किलोमीटर
उत्तर-पश्चिम में बताया गया है। इसके बाद कई झटके (आफ्टरशॉक्स) महसूस किए
गए।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय भू-भौतिकी एजेंसी ने तत्काल सुनामी की
चेतावनी जारी की। इसे बाद में हटा लिया गया। लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने
और समुद्र तटों और तटीय इलाकों से दूर रहने के लिए आगाह किया गया। फ्लोरेस
द्वीप इंडोनेशिया का प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह द्वीपअपनी रंग-बिरंगी
ज्वालामुखी झीलों और कोमोडो नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार के रूप में जाना
जाता है। यहां की लगभग 20 लाख की आबादी मुख्य रूप से छोटे गांवों में फैली
हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारतें गिरती हुई और
घबराए हुए लोग भागते और चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। 17,000 से अधिक
द्वीपों का समूह होने के कारण इंडोनेशिया भूगर्भीय गतिविधियों के लिए
संवेदनशील है। इंडोनेशिया में अतीत में कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं।
2004 में इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर 9.1 तीव्रता का भूकंप आ चुका है।
इस आपदा में 2,20,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
अगस्त
2018 में लोम्बोक द्वीप पर 6.9 तीव्रता का भूकंप आने से सैकड़ों लोगों की
मौत हो चुकी है। उसी साल सितंबर में सुलावेसी द्वीप पर 7.5 तीव्रता का
भूकंप और सुनामी आई, जिसमें सैकड़ों और लोगों की जान चली गई। नवंबर 2022
में पश्चिमी जावा के सियानजुर इलाके में 6.5 तीव्रता का भूकंप आया। इस
भूकंप में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई।














