प्रयागराज : सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सरायइनायत
थाना क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रविवार रात हुए सड़क हादसे
में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वाराणसी
की ओर जा रहे थे। हनुमानगंज के सरपतीपुर के पास उनकी बाइक पानी के कंटेनर
लदे मालवाहक ऑटो से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर
ने बताया कि रविवार रात प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र एवं गांव निवासी
शिवकुमार, अशोक कुमार और लल्लू एक मोटरसाइकिल पर सवार हाेकर वाराणसी की ओर
जा रहे थे। इसी दौरान सरपतीपुर के पास पानी के कंटेनर लदे मालवाहक ऑटो से
जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक
घायल हो गए। हादसे में शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची
पुलिस टीम ने तत्काल उपचार के लिए तीनों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय
में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को उपचार के दौरान देर रात में
मृत घोषित कर दिया।
भंडारे में पानी पहुंचाने जा रहा था ऑटो
पुलिस
के मुताबिक, जिस मालवाहक ऑटो से मोटरसाइकिल की टक्कर हुई, उसमें पानी के
कंटेनर लदे थे। ऑटो किसी भंडारे में पानी पहुंचाने जा रहा था। पुलिस अब
हादसे के समय दोनों वाहनों की स्थिति और टक्कर के कारणों की जांच कर रही
है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे
में थरवई थाना क्षेत्र और गांव निवासी शिवकुमार, अशोक कुमार और लल्लू की
मौत हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने तीनों के शव कब्जे
में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। परिजनों को घटना की जानकारी दे
दी गई है।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से
भी जानकारी ली। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और मालवाहक
ऑटो तथा बाइक से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।














