महाशिवरात्रि पर्व पर मुम्बई के सिद्धिविनायक मंदिर से बाबा विश्वनाथ के लिए आया उपहार 


सिद्धिविनायक मंदिर के अध्यक्ष ट्रस्टी,डिप्टी सीईओ बाबा के लिए उपहार लेकर खुद आए

वाराणसी,   महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुंबई स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर की ओर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष भेंट अर्पित की गई। ‘पुत्र’ सिद्धिविनायक धाम से ‘पिता’ श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में फल, पुष्प एवं पूजनीय सामग्री श्रद्धापूर्वक भेजी गई।

बुधवार को सिद्धिविनायक मंदिर के प्रतिनिधिमंडल ने काशी पहुंचकर यह भेंट विधिवत रूप से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को सुपुर्द की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. मधुसूदन शुक्ल (अध्यक्ष, ट्रस्टी प्रोटोकॉल), डॉ. संदीप राठौर (डिप्टी सीईओ), डॉ प्रशांत मनेरिकर (पुजारी) एवं डॉ शिवम मिश्र शामिल रहे। न्यास की ओर से भेंट को समारोहपूर्वक स्वीकार किया गया।

इस अवसर पर डॉ. संदीप राठौर ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित संचालन एवं सेवा-भाव की सराहना की। उन्होंने महाशिवरात्रि पर मंदिर न्यास द्वारा शुरू किए गए विशेष नवाचार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल भगवान श्री गणेश और परमपिता महादेव के पावन पिता-पुत्र संबंध के आध्यात्मिक भाव को सुदृढ़ करती है।

उल्लेखनीय है कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने महाशिवरात्रि के अवसर पर एक विशेष पहल के तहत देश के विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों से भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के लिए पावन भेंट एवं उपहार आमंत्रित किए हैं। इसी क्रम में श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई की ओर से यह श्रद्धा-भेंट अर्पित की गई। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक एकात्मता का प्रतीक बना। साथ ही काशी और श्री सिद्धिविनायक धाम के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का माध्यम सिद्ध हुआ। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस पावन अवसर पर श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई के प्रति आभार व्यक्त किया।