कोलकाता, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मुर्शिदाबाद पहुंचे थे। बुधवार को उन्हाेंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों ने मुसलमानों का केवल वोट के लिए इस्तेमाल किया, लेकिन उनके विकास के लिए ठोस काम नहीं किया।

ओवैसी ने मुर्शिदाबाद जिले के नोवादा में हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाले आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) उम्मीदवारों के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में मुस्लिम समुदाय ने कांग्रेस, वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

ओवैसी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुसलमानों को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने और उनके वास्तविक विकास के लिए हमने कबीर के साथ हाथ मिलाया है। हम मिलकर ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को झटका देंगे।

उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि मुस्लिम समुदाय से ऐसे नेताओं को चुना जाए, जो उनके आर्थिक विकास को सुनिश्चित कर सकें।

294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।