मुंबई,महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भिसारी झील के पास खराब मौसम और कम विजि़बिलिटी के चलते नागपुर से रायपुर जा रहे एक निजी कंपनी के हेलिकॉप्टर की रविवार को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत चार लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। करीब एक घंटे बाद हेलीकॉप्टर फिर से नागपुर की ओर लौट गया। इसकी पुष्टि भंडारा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने की है।

अभिषेक नामदास ने बताया कि हेलिकॉप्टर में चार लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। वहीं, गोंदिया के बिरसी एयरपोर्ट के निदेशक गिरीशचंद्र वर्मा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि पायलट बिरसी एयरपोर्ट पर उतरना चाहता था, लेकिन बाद में उसने नागपुर लौटने का फैसला किया।

भंडारा जिला आपदा प्रबंधन के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रविवार को यह घटना मोहाड़ी तहसील में मोहगांव-निलाज रोड के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। नागपुर से रायपुर जा रहा हेलीकॉप्टर अचानक खराब मौसम के कारण भंडारा जिले में हवा में चक्कर लगाने लगा। इसी दौरान पायलट ने सुरक्षित जगह की तलाश की। इसके बाद लैंडिंग से पहले हेलिकॉप्टर कुछ देर तक भिसारी झील के ऊपर चक्कर लगाता रहा।

झील का जलस्तर कम होने के कारण उसके पास पर्याप्त खुली जगह थी, इसलिए पायलट ने वहां हेलिकॉप्टर उतारने का फैसला किया। करीब एक घंटे तक हेलिकॉप्टर मौके पर खड़ा रहा। मौसम में सुधार होने के बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर गोंदिया के बिसरी एयरपोर्ट पर उतारने का विचार किया, इसके लिए पायलट ने संबंधित अधिकारी से बात भी की। लेकिन बाद में पायलट ने हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और नागपुर लौट गया।