ओलंपिक-2036 के लिए तैयार करेंगे नए खिलाड़ी

चंडीगढ़,   हरियाणा सरकार ने हरियाणा में नए ओलंपिक चैंपियन गढ़ने की रणनीति तैयार की है। मिशन ओलंपिक-2036 के तहत प्रतिभावान खिलाड़ियों को तराश जाएगा। इसी कड़ी में खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने गुरुवार को चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 23 खिलाड़ियों को कोच के नियुक्ति पत्र सौंपे।पत्रकारों से बातचीत करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वर्ष 2036 के ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों के माध्यम से 36 पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें नवनियुक्त कोचों की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने खिलाड़ियों को सुरक्षित भविष्य की गारंटी देते हुए गांवों और कस्बों में छिपी प्रतिभाओं को तराशकर ओलंपिक, एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप स्तर के खिलाड़ी तैयार करने का आह्वान किया।

खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश की खेल नीति के अंतर्गत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को डी ग्रुप की नौकरियों में 10 प्रतिशत तथा सी ग्रुप की नौकरियों में 3 प्रतिशत खेल कोटा प्रदान किया जाता है।

गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल प्रतिभा स्वाभाविक रूप से मौजूद है। यहां का युवा केवल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नहीं, बल्कि तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए मैदान में उतरता है। ओलंपिक से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति का उद्देश्य खिलाड़ियों को भविष्य की चिंता से मुक्त करना है। सरकार खिलाड़ियों को केवल सम्मानित ही नहीं करती, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य की भी गारंटी देती है, ताकि वे बिना किसी मानसिक दबाव के देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, अतिरिक्त निदेशक अश्वनी मलिक सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खेल मंत्री ने कहा कि कोच खिलाड़ियों को तराशकर हीरा बनाने का कार्य करते हैं। आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रशिक्षण के इस दौर में कोचों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने नवनियुक्त कोचों से आग्रह किया कि वे गांवों और कस्बों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें कामनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों के लिए तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को हर प्रकार की आधुनिक खेल सुविधाएं, आधारभूत ढांचा और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। गौरव गौतम ने कहा कि सरकारी सेवा खिलाड़ियों के जीवन की नई पारी है। जिस अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने खेल के मैदान में सफलता प्राप्त की है, उसी भावना के साथ उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।