पीएम मोदी की कोलकाता में 14 मार्च को रैली, भाजपा बोली - भीड़ देखकर ममता की नींद उड़ जाएगी
कोलकाता, पश्चिम बंगाल भाजपा ने दावा किया है कि आगामी 14 मार्च
को कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
की जनसभा में रिकॉर्ड संख्या में लोगों की भागीदारी होगी। पार्टी ने कहा
कि इस रैली की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यह रैली राज्य में चल रही
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन का भी प्रतीक होगी, जो इस वर्ष होने
वाले विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई है।
भाजपा के प्रदेश
उपाध्यक्ष राजू बनर्जी, जो रैली की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ने
बुधवार को बताया कि संगठनात्मक तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और राज्य
के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि भीड़ ऐसी होगी की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नींद उड़
जाएगी।
हालांकि, उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यह
बताने से इनकार कर दिया कि रैली के लिए कितने मंच बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के तहत इस प्रकार की जानकारी सार्वजनिक नहीं की
जा सकती, लेकिन तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं।
राजू बनर्जी ने
राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि
पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर संविधान और कानून के शासन का सम्मान नहीं करने
का भी आरोप लगाया।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल आरएन रवि
की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नए राज्यपाल राज्य में
संवैधानिक और कानूनी व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाएंगे।
भाजपा
नेता ने रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री की
आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार आम लोगों की चिंता करती है तो
उसे गैस पर राज्य कर में राहत देने पर विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने
राज्य में बिजली की ऊंची कीमतों का भी मुद्दा उठाया।
भाजपा ने कहा कि यह रैली आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश देने का मंच बनेगी।-















