मनीला में जयशंकर का बड़ा संदेश- भारत-आसियान साझेदारी होगी और मजबूत
नई
दिल्ली, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फिलीपींस की
राजधानी मनीला में आयोजित भारत-आसियान पोस्ट-मिनिस्ट्रियल कॉन्फ्रेंस 2026
की सह-अध्यक्षता की। यह बैठक 59वें आसियान दिवस के अवसर पर आयोजित
कार्यक्रमों का हिस्सा थी। इस दौरान भारत की ओर से सभी आसियान सदस्य देशों
को शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में भारत ने अपनी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के
तहत दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ संबंधों को और मजबूत करने की
प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने
और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के
बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए
भारत-आसियान संबंधों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि
भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत कनेक्टिविटी, व्यापार, डिजिटल लिंकेज,
मजबूत सप्लाई चेन, रक्षा, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से
भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है।
जयशंकर
ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत-आसियान संबंध और अधिक मजबूत और
महत्वाकांक्षी बनेंगे। उन्होंने कहा कि इससे व्यापक इंडो-पैसिफिक क्षेत्र
में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
मनीला में हुई बैठक को भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















