मध्य प्रदेश : सांची में आधुनिक उप डाकघर का शिवराज और सिंधिया करेंगे वर्चुअली लोकार्पण
रायसेन, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय
संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया साेमवार
काे मध्य प्रदेश के सांची में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किए गए उप डाकघर
का वर्चुअली लोकार्पण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने
बताया कि भारत सरकार की डाकघर आधुनिकीकरण की महत्वकांक्षी पहल के अंतर्गत
स्कूल ऑफ प्लॉनिंग एण्ड आर्किटेक्चर नई दिल्ली के डिजाइन संबंधी
दिशा-निर्देशों के अनुरूप सांची उपडाकघर के कायाकल्प एवं लुक एण्ड फील
इम्प्रूवमेंट का कार्य किया गया है। सांची की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक
पहचान को ध्यान में रखते हुए डाकघर भवन को आधुनिक, आकर्षक एवं नागरिक
केन्द्रित स्वरूप प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस आधुनिक
उप-डाकघर का आज शाम 05 बजे वर्चुअल माध्यम से इस अत्याधुनिक उप डाकघर का
लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री चन्द्र
शेखर और डाक विभाग के सचिव सुब्रत भी वर्चुअली जुड़ेंगे। इस अवसर पर सांची
में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, नगर परिषद
अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आरएस रघुवंशी
निदेशक डाक भोपाल सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक
शामिल होंगे।
डाकघर भवन के बाहरी एवं आंतरिक स्वरूप को आधुनिक एवं
आकर्षक बनाया गया है। इसमें नागरिकों की सुविधा, सुगम आवागमन, बेहतर
कार्यप्रवाह तथा आधुनिक सेवा अनुभव को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सांची
उपडाकघर का आधुनिकीकरण केवल भवन के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि
डाकघरों को आधुनिक एवं नागरिक केन्द्रित जनसेवा केन्द्र के रूप में विकसित
किया गया है।














