भोपाल में एक्टिवा सवार दो छात्राओं को बस ने रौंदा, एक की मौत, सहेली की हालत गंभीर
भोपाल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार रात एक तेज रफ्तार यात्री बस ने दो छात्राओं को कुचल दिया। नई मंडी गेट के सामने एक्टिवा सवार दो छात्राओं को राजस्थान में रजिस्टर्ड एक बस ने टक्कर मार दी, जिसमें एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। छोला मंदिर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद रविवार दोपहर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा शनिवार देर रात का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान माही यादव (19 वर्ष) पुत्री रंजीत यादव, निवासी शारदा नगर, नारियल खेड़ा के रूप में हुई है। माही यादव अपनी सहेली के साथ पीपल्स मॉल घूमने गई थी। लौटते समय नई मंडी गेट के सामने पीछे से आई बस ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माही सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी सहेली को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार माही बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा थी और एचआर प्रोफेशनल बनना चाहती थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। माही के पिता डीआईजी बंगला क्षेत्र में चाय की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की असमय मौत से परिवार सदमे में है।
अवैध संचालन का आरोप, बस जब्त
माही के फूफा हीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि हादसे में शामिल बस अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। बस राजस्थान में रजिस्टर्ड है और सिरोंज–भोपाल मार्ग पर चलती थी। परिजनों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छोला मंदिर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद रविवार दोपहर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल बस को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया गया है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है।















