रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के समक्ष सोमवार को झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सिरमटोली से कांटा टोली को जोड़ने वाली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति से संबंधित पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन रखा. मुख्यमंत्री ने कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित कारवाई यथा शीघ्र पूरा कर कार्य को गति प्रदान करें.
अनावश्यक कट्स को बंद करने का निर्देश
मौके पर मुख्यमंत्री एवं अधिकारियों के बीच प्रस्तावित करम टोली से साइंस सिटी, चिरौंदी फ्लाईओवर निर्माण योजना को लेकर चर्चा हुई, इस संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए. मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रांची की सड़कों पर जितने डिवाइडर हैं उनमें कुछ अनावश्यक कट्स हैं, उन कट्स को बंद किए जाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची वासियों को बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है.
मौके पर उपस्थित लोग
मौके पर प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग श्री सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख श्री प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता सीडीओ श्री विजय रंजन एवं उप सचिव प्रबंधन श्री विक्रम प्रताप सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे.














