रांची (RANCHI): श्चिमी सिंहभूम जिले में 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. शुक्रवार को उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सभी संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.

27 परीक्षा केंद्र पर  11,023 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा


इस वर्ष जिले में कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चाईबासा अनुमंडल में 18 और चक्रधरपुर अनुमंडल में 09 केंद्र शामिल हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 03 बजे से शाम 05 बजे तक होगी. परीक्षा में कुल 11,023 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है.

केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती का निर्देश

उपायुक्त चंदन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी लगातार की जाएगी. परीक्षा सामग्री की सुरक्षित प्राप्ति, स्ट्रॉन्ग रूम में भंडारण और समय पर वितरण के लिए भी सख्त प्रोटोकॉल तय किए गए हैं.

अभ्यर्थियों की सघन जांच का आदेश

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी. महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी ही करेंगी. बिना जांच किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. इसके अलावा सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड डिटेक्टर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या संदिग्ध वस्तु को अंदर ले जाने से रोका जा सके.

बैठक में रही इनकी उपस्थिति

बैठक में अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रभारी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे.