रांची (RANCHI): पश्चिमी विक्षोभ के कारण रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में आने वाले दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होने का अनुमान है. इसके बाद तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है. यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को दी. उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के उत्तरी राज्यों (जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश) से आने वाली ठंडी हवाएं पूर्वी और मध्यवर्ती राज्यों में प्रवेश नहीं कर पा रही हैं. इससे झारखंड सहित विभिन्न जिलों में फिलहाल ठंड में कमी आई है.


चाईबासा में और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री पहुंचा

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के बाद तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ने लगेगी. इस बीच शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा, लेकिन बाद में आंशिक बादल छा गए, जिससे वातावरण में कनकनी महसूस की गई. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 28 डिग्री चाईबासा में और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रांची में रिकॉर्ड किया गया.

रांची में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज

राजधानी रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, जमशेदपुर में 26.6 और 12 डिग्री, डालटेनगंज में 26.2 और 7.6 डिग्री, बोकारो में 23.1 और 9.5 डिग्री, चाईबासा में 28 डिग्री और 10 डिग्री, खूंटी में 24.4 और 6.1 डिग्री, लोहरदगा में 23.4 और 6 डिग्री, लातेहार में 18.8 और 8.9 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

बता दें कि पिछले 15 दिनों से रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. पिछली दिनों में पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन बाद में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई.