रांची (RANCHI): झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार काे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए. इनमें 15 लाख रुपये का इनामी सहदेव महतो उर्फ अनुज (आरसीएम), महिला नक्सली नताशा (एसजेडसीएम), एरिया कमांडर बुधन करमाली(एसी) और रंजीत गंझू(एसी) शामिल है.


इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंडू खपियां गांव में हुए इस संयुक्त ऑपरेशन में कोबरा बटालियन और हजारीबाग पुलिस शामिल थी. सुरक्षाबलों ने मौके से 4 हथियार बरामद किए हैं. इनमें 2 एके 47 राइफल, एक इंसास राइफल शामिल हैं. मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.

अन्य नक्सलियों की तलाश में जुटी पुलिस 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. हजारीबाग पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी. इस दौरान नक्सलियों ने खुद को घिरता देख सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस पर सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और दाेनाें ओर से घंटों चली मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए. जानकारी के अनुसार इसमें अन्य नक्सली भी घायल हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है.

एसपी अंजनी अंजन ने दी जानकारी

एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है. अब तक चार कुख्यात नक्सलियाें के शव बरामद किए जा चुके हैं. इन सभी की पहचान हाे चुकी है. उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. इन्हाेंने बताया कि मारे गए नक्सली प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी से जुड़े हुए थे.