यश की टॉक्सिक टली, अब 4 जून में होगी रिलीज
साउथ
सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर
ग्रोन-अप्स' की रिलीज को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। फिल्म पहले 19
मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे
स्थगित कर दिया गया है। इस अचानक फैसले से फैंस में निराशा जरूर है,
हालांकि निर्माताओं ने इसके पीछे की वजह साफ कर दी है।
निर्माताओं
की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मौजूदा वैश्विक
परिस्थितियों, विशेषकर मध्य पूर्व देशों में जारी संघर्ष के कारण
अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ऐसे हालात में फिल्म को अंतरराष्ट्रीय
स्तर पर व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो सकता था। इसी को ध्यान
में रखते हुए साझेदारों के साथ विचार-विमर्श के बाद रिलीज डेट आगे बढ़ाने
का निर्णय लिया गया।
अब यह फिल्म 4 जून, 2026 को सिनेमाघरों में
रिलीज होगी। खास बात यह है कि इस फैसले से बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा टकराव भी
टल गया है। दरअसल, 19 मार्च को रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 भी रिलीज होने
वाली थी।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलीज डेट में बदलाव
सिर्फ परिस्थितियों को देखते हुए ही नहीं, बल्कि रणनीतिक रूप से भी अहम कदम
है। हालांकि दर्शकों का इंतजार अब कुछ और लंबा हो गया है, लेकिन फैंस को
उम्मीद है कि ‘टॉक्सिक’ बड़े पर्दे पर धमाकेदार प्रदर्शन करेगी।















