भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम अध्यक्ष अरुण पन्नालाल गिरफ्तार
रायपुर, भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक
टिप्पणी के मामले में छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल
को रायपुर की सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,
मामले की शुरुआत फेसबुक पर हंसराज गोयल नाम के व्यक्ति की कथित आपत्तिजनक
पोस्ट से हुई थी। इसके बाद अरुण पन्नालाल की सोशल मीडिया आईडी से भी कथित
तौर पर अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का आरोप है।
मामले को लेकर
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी और अन्य हिंदू संगठनों की ओर से
शुक्रवार रात सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद
पुलिस ने 7 अगस्त की रात अरुण पन्नालाल को हिरासत में लिया और आवश्यक
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कथित
टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को अरुण पन्नालाल के घर के बाहर हिंदू
संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी
करते हुए मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए
पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
थाने पहुंचे भाजपा
प्रवक्ता अमित चिमननी ने कहा कि सावन का पवित्र महीना चल रहा। इस तरह से
अभद्र टिप्पणी, जिसे हम बोल नहीं पा रहे है, भगवान शिव पर की गई है। इसलिए
इसलिए रात में भी एफआईआर कराने थाने आए हैं। शिकायत में कहा गया कि हंसराज
गोयल नामक व्यक्ति के फेसबुक पेज पर भगवान शिव के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक
पोस्ट किया गया था, जिस पर अरुण पन्नालाल ने भी अमर्यादित टिप्पणी की।
पुलिस
अधिकारियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत फेसबुक पर हंसराज गोयल नाम के
व्यक्ति द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट से हुई। पुलिस का कहना है कि
उसी पोस्ट पर अरुण पन्नालाल की आईडी से भी कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी
की गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से
जांच की जा रही है। साथ ही मूल पोस्ट करने वाले हंसराज गोयल की तलाश और
सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक,
मामले में उपलब्ध सोशल मीडिया सामग्री, संबंधित अकाउंट और शिकायत में लगाए
गए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














