छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला
रायपुर, खैरागढ़ जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव का शव शनिवार तड़के खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित निवास में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है।
खैरागढ़ पुलिस ने जानकारी दी है कि शुक्रवार रात परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि वे घर के हॉल में थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद होने की जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।














