मनरेगा बचाओ संग्राम तथा स्थानीय मुद्दो पर सरकार के खिलाफ हल्ला बोल

रायपुर, कांग्रेस 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, मनरेगा बचाओ संग्राम तथा प्रदेश के स्थानीय मुद्दो बिजली के दाम में बढ़ोत्तरी, किसानो से धोखा, धान खरीद पर वादा खिलाफी, गैस सिलेंडर के दामों की बढोत्तरी जैसे मुद्दो को लेकर कांग्रेस विधानसभा का घेराव करेगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट सहित राज्य के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, पदाधिकारी सहित आम आदमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, विधानसभा घेराव के लिए जिलोंवार तथा विधानसभा प्रभारियों की नियुक्तियां की जा चुकी है। प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेसजन विधानसभा घेराव में शामिल होकर डबल इंजन की सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। घेराव की तैयारी के लिये प्रदेश मुख्यालय में दो बैठकें हो चुकी है तथा जिलेवार बैठको का भी सिलसिला चल रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, कांग्रेस की यूपीए सरकार ने महात्मा गांधी नेशनल रोजगार गारंटी (मनरेगा) के रूप में रोजगार को कानूनी गारंटी दिया था लेकिन केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा की साय सरकार का नाम बदलकर बंद करने की साजिश कर रही है। मोदी सरकार मनरेगा को बंद करना चाहती है। मोदी सरकार के 11 सालों में मनरेगा को पर्याप्त बजट नहीं दिया। हर साल मनरेगा के बजट में 30 से 35 प्रतिशत की कटौती की गयी है। पिछले 11 वर्षों में मनरेगा की मजदूरी में न्यूनतम वृद्धि है, जिसके कारण मजदूर वर्ग की आय स्थिर हो गयी है तथा महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।