तार चोर गिरोह पर पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, मुठभेड़ में एक घायल
सरयू नहर की पटरी पर घेराबंदी के बाद चली गोलियां, घायल समेत पांच गिरफ्तार,एक फरार
बहराइच, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में
बिजली
के तार काटकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे गिरोह पर शनिवार को
पुलिस ने शिकंजा कस दिया। सरयू नहर की पटरी पर हाड़ा बसेहरी के पास पुलिस
और तार चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने
घिरने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के
बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश समेत गिरोह के पांच
सदस्यों को दबोच लिया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
कार्रवाई
के दौरान मौके से तमंचा, कारतूस, चोरी किए गए बिजली के तारों के कई बंडल,
तार काटने के उपकरण और वारदात में इस्तेमाल मारुति ईको कार बरामद की गई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की जड़ें खंगालने में जुटी
है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नानपारा
क्षेत्र में लगातार तार चोरी की शिकायत मिल रही थी। जिस पर एसओजी और
नानपारा पुलिस को खुलासे के लिए लगाया गया था। बीती रात सूचना मिली कि तार
चोर गिरोह सरयू नहर पटरी पर चोरी की योजना बना रहे हैं। तत्काल पुलिस
एक्टिव हुई और गिरोह की घेराबन्दी की। गिरोह के सदस्यों ने घिरता देख पुलिस
पार्टी पर फायरिंग झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के
पैर में गोली लगी है जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य भी दबोचे गए हैं।
बीती रात तार चोरी के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
नानपारा
क्षेत्र में बीती रात बिजली के तार काटकर चोरी किए जाने की घटना के बाद
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के खुलासे के
लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की
स्वाट टीम और थाना नानपारा पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई गई थीं।
शनिवार
को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली तार चोरी करने वाला गिरोह चोरी
का माल ठिकाने लगाने और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के इरादे से हाड़ा
बसेहरी के पास सरयू नहर की पटरी पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों
ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। चारों ओर से घिरने के बाद बदमाशों
ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी
फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके
से घायल आरोपी समेत उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह का
एक सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान
कदीर पुत्र शफीक निवासी सिद्दबहि, थाना माती, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई
है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कदीर के खिलाफ हत्या समेत कई
आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। घायल को उपचार के लिए
जिला अस्पताल भेजा गया है।
सीतापुर के चार आरोपी भी दबोचे गए
गिरफ्तार
अन्य आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार, कुलदीप गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता और
उदयराज चौहान, निवासी खारोह, थाना रेउसा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।
पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।















