बहराइच,  बहराइच में गुरुवार की देर रात फर्जी तरीके से वीआईपी रौब झाड़ना एक कार चालक को भारी पड़ गया। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 'न्यायाधीश' की नेम प्लेट लगी एक लग्जरी कार को सीज कर दिया।

पूरा मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के बहराइच रोडवेज बस स्टेशन का है। यहाँ सीओ यातायात राज सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और एआरटीओ प्रशासन की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूपी 32 आर जे 1805 नंबर की एक कार हूटर बजाकर धड़धड़ाते हुए निकली।

संदेह होने पर सीओ राज सिंह ने तुरंत वाहन को रुकवाया। जब वाहन की जांच की गई तो अधिकारी भी हैरान रह गए। कार पर “न्यायाधीश” की नेम प्लेट लगी थी और बकायदा उच्च न्यायालय का लोगो भी लगाया गया था। आरोप है कि चालक इस फर्जीवाड़े के जरिए वीआईपी प्रोटोकॉल लेने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस और एआरटीओ की टीम ने बिना देरी किए फर्जी न्यायाधीश बनी इस गाड़ी को मौके पर ही सीज कर दिया। प्रशासन के इस कड़े रुख से फर्जी वीआईपी बोर्ड लगाकर घूमने वाले अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

सीओ यातायात राज सिंह ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के निकट यातायात पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार हूटर बजाते हुए निकली। संदेह के आधार पर कार को रुकवाकर जांच की गई तो मामला फर्जी निकला। फिलहाल चार पहिया वाहन को सीज कर दिया गया है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।