बीकानेर में कैंपा एनर्जी की 35,936 कैन सीज, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
बीकानेर, खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स श्री विनायक एंटरप्राइजेज पर निरीक्षण और नमूनीकरण की बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कैफिनेटेड बेवरेज 'कैंपा एनर्जी' का नमूना लेकर मौके पर रखी 35,936 कैन तत्काल प्रभाव से सीज कर दी गईं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार तथा राकेश गोदारा की संयुक्त टीम ने की।
डॉ. पुखराज साध ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत 'कैंपा एनर्जी' का नमूना जांच के लिए लिया गया है। उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर 'स्टीमूलेट्स माइंड', 'एनर्जाइज बॉडी', 'एनर्जी ड्रिंक' अथवा 'स्पोर्ट्स ड्रिंक' जैसे दावे करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण इस संबंध में प्रमुख बेवरेज कंपनियों को पहले ही नोटिस जारी कर चुका है। साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भी ऐसे उत्पादों के प्रचार-प्रसार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. साध ने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार कैफिनेटेड पेय पदार्थों में कैफीन की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक होती है, जो गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों तथा कैफीन के प्रति संवेदनशील व्यक्तियों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















