शेयर बाजार में गिरावट के सिलसिले पर लगा ब्रेक, मजबूती के साथ सेंसेक्स-निफ्टी बंद
बाजार की मजबूती से निवेशकों को 1.42 लाख करोड़ का मुनाफा
नई
दिल्ली, अमेरिकी बांड मार्केट में आई नरमी के कारण
एशिया के ज्यादातर स्टॉक मार्केट में बने उत्साह के माहौल और घरेलू शेयर
बाजार में निचले स्तर से हुई खरीदारी की वजह से आज सेंसेक्स और निफ्टी
दोनों सूचकांकों ने एक सप्ताह से अधिक समय से जारी गिरावट के सिलसिले पर
ब्रेक लगा दिया। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। दिन के
पहले सत्र में यदा कदा बिकवाली का दबाव भी बनता रहा, लेकिन दोपहर 12:30 बजे
के बाद खरीदारों ने लिवाली का एकतरफा जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और
निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद
सेंसेक्स 0.82 प्रतिशत और निफ्टी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई
का सेंसेक्स आज 558.77 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,468.45
अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने
के कारण पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 100 अंक फिसल
कर 77,371 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना
दिया, जिससे सेंसेक्स की मजबूती और बढ़ने लगी। खासकर, दोपहर 12:30 बजे के
बाद बाजार में तेजड़िये पूरी तरह से हावी हो गए।
लगातार हो रही
खरीदारी की वजह से यह सूचकांक 701.43 अंक यानी 0.91 प्रतिशत उछल कर
77,611.11 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, कारोबार के आखिरी आधे घंटे
में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 70
अंक से अधिक फिसल कर 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की तेजी के साथ
77,537.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के
निफ्टी ने आज 147.15 अंक यानी 0.61 प्रतिशत उछल कर 24,225.45 अंक के स्तर
से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली के चक्कर में
बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 40 अंक से अधिक
टूट कर 24,184.55 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू
कर दी, जिससे निफ्टी की मजबूती बढ़ने लगी।
लगातार हो रही लिवाली की
वजह से यह सूचकांक 186.85 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की छलांग लगा कर 24,265.15
अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से
हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 33 अंक से अधिक फिसल कर
153.55 यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक के स्तर पर बंद
हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के ज्यादातर
सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। मीडिया और रियल्टी
इंडेक्स सेक्टर के शेयर की आज जम कर खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी
का मीडिया इंडेक्स दो प्रतिशत और रियल्टी इंडेक्स 1.40 प्रतिशत की बढ़त
हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह निफ्टी का एफएमसीजी इंडेक्स 1.03 प्रतिशत
और आईटी इंडेक्स 0.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
इसके अलावा
बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थकेयर, ऑयल
एंड गैस और मेटल इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। सिर्फ
निफ्टी का पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स 0.08 प्रतिशत के कमजोरी के साथ
बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण
निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह
स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत
किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के
निवेशकों की संपत्ति में 1.40 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो
गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के
बाद बढ़ कर 491.48 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन
यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 490.06 लाख करोड़ रुपये था। इस
तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.42 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो
गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,549 शेयरों में
एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,450 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,874
शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 225 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद
हुए। एनएसई में आज 3,070 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,842
शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,228 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान
में बंद हुए।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर
बढ़त के साथ, चार शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के
बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 39 शेयर हरे निशान में,
10 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।
पूरे
दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल
2.48 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.01 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 1.82 प्रतिशत,
आईटीसी 1.72 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के
टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स
1.10 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 0.88 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियेशन 0.54
प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 0.48 प्रतिशत और नेस्ले 0.48 प्रतिशत की कमजोरी
के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।














