एयर इंडिया के बेड़े में डेढ़ साल में शामिल होंगे 50-60 नए विमान
नई
दिल्ली/अबू धाबी, टाटा समूह की अगुवाई वाली एयर इंडिया
अगले 18 माह में अपने बेड़े में 50 से 60 नए विमान शामिल करने की तैयारी कर
रही है। कंपनी का कहना है कि विमानन क्षेत्र में कई चुनौतियों के बावजूद
उसका महत्वाकांक्षी रूपांतरण योजना तय दिशा में आगे बढ़ रही है।
एयर
इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी और एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन
निपुण अग्रवाल ने रविवार को कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कंपनी को कई
महत्वपूर्ण सीख मिली है। उन्होंने बताया कि यह बदलाव अभियान काफी जटिल और
चुनौतीपूर्ण रहा है। घाटे में चल रही विमानन कंपनी एयर इंडिया का जनवरी,
2022 में टाटा समूह ने अधिग्रहण किया था।
अग्रवाल ने बताया कि
विमानन उद्योग को आपूर्ति श्रृंखला में दिक्कतों, हवाई क्षेत्र से जुड़ी
समस्याओं, ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक घटनाओं जैसी कई
चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसके बावजूद एयरलाइन अपनी तय योजना के
अनुसार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया समूह का करीब 600
विमानों का ऑर्डर है और अभी इनमें से 10 फीसदी से कम की डिलिवरी हुई है।
निपुण
अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में इनकी डिलिवरी तेज होगी। उन्होंने
कहा कि अगले सात से आठ वर्षों तक हर साल लगभग 50 से 60 नए विमान मिलने की
उम्मीद है, जिनमें 10 से 15 बड़े आकार के विमान और 45 से 50 छोटे आकार के
विमान शामिल भी होंगे। उन्होंने कहा कि पुराने विमानों और पुराने केबिन की
वजह से कंपनी को परिचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन अब
स्थिति में सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि बेड़े के
आधुनिकीकरण और विमानों के उन्नयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। एयर इंडिया
एक्सप्रेस अगले साल मार्च तक अपने विमानों को एक समान बेड़े में बदलने की
योजना पर काम कर रही है। वहीं, एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों
का उन्नयन अगले वर्ष के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि बोइंग 777
विमानों में अधिक समय लग सकता है। अग्रवाल ने बताया कि बोइंग मैक्स-8
विमानों की डिलिवरी तय कार्यक्रम के अनुसार जारी है। वहीं, मैक्स-10
विमानों की डिलिवरी प्रमाणन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होने की
उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया का हाल के समय में काफी
चुनौतियां का सामना करना पड़ा है। पिछल साल एयरलाइन का ड्रीमलाइनर विमान
अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादस में 260 लोगों की जान चली
गई थी।















