विकास योजनाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं: डीएम
कटिहार, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को
समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं प्रोजेक्ट
मॉनीटरिंग ग्रुप की एक उच्च-स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक
में जिले के विकास कार्यों को गति देने के लिए डीएम ने सभी कार्यपालक
अभियंताओं और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी बुनियादी
ढांचे, सड़क, पुल, विद्युत आपूर्ति और जन कल्याणकारी परियोजनाएं निर्धारित
समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं।
बैठक के
दौरान पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति
एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण
प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित
विभिन्न विभागों की चल रही योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने
सभी विभागों को आपसी समन्वय बेहतर करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम
नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, जहाँ
भी भूमि विवाद या स्थानीय बाधाएं आ रही हैं, उन्हें त्वरित समन्वय स्थापित
कर दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षात्मक बैठक में सभी
अंचलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे विभिन्न विभागों से
संबंधित लंबित भूमि उपलब्धता एनओसी का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित
करें। इसके अलावा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सभी प्रखंड विकास
पदाधिकारियों को सभी सीएससी केंद्रों के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण
प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। बैठक में अपर समाहर्ता कटिहार, सभी
जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ऑनलाइन व ऑफलाइन
माध्यम से शामिल थे।















