पटना (PATNA): नगर परिषद के वार्ड संख्या एक स्थित पुनर्वास क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई. गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तीन घरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि सुनील पंडित और कपिल पंडित के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. 

गैस सिलेंडर के परखच्चे उड़ कर पहुंचे पड़ोसियों के घर 


सिलेंडर विस्फोट के बाद आग की लपटें दूर तक फैल गईं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए. घटना के दौरान विस्फोट इतना तेज था कि गैस सिलेंडर का एक टुकड़ा उछलकर पास में रहने वाले धर्मेंद्र के घर के पास जा गिरा. गनीमत रही कि उनके घर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.

दमकल विभाग पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आग लगने के बाद भी दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि समय रहते दमकल पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। बाद में दमकल टीम के पहुंचने पर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

करीब 3 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान!

इस अग्निकांड में करीब 3 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया. सदर अंचल अधिकारी (सीओ) ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को जल्द ही राहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.