दुष्कर्म के बाद हत्या पर भड़के शकील अख्तर राही, बोले—आरोपी जल्द गिरफ्तार हों
किशनगंज, पोठिया प्रखंड अंतर्गत एक गांव में विवाहिता की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता शकील अख्तर राही पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजन को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि किशनगंज जिला शांतिप्रिय रहा है, लेकिन इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे पटना जाकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात करेंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे।
शकील अख्तर राही ने कहा कि जिले में अपराध और बाहरी तत्वों की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलानी चाहिए। घटना के बाद पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिया गया है। वहीं क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है।















