प्रभारी मंत्री बुलो मंडल ने फहराया तिरंगा, परेड की ली सलामी
किशनगंज, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को किशनगंज जिले का
मुख्य राजकीय समारोह खगड़ा स्थित शहीद अशफाकुल्ला खां स्टेडियम में पूरे
उत्साह, जोश और गरिमा के साथ आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य
अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री बुलो मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड
की सलामी ली। ध्वजारोहण के साथ ही स्टेडियम परिसर राष्ट्रगान की धुन और
देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उपस्थित अतिथियों, सुरक्षा बलों के जवानों
एवं आम नागरिकों ने तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद प्रभारी
मंत्री बुलो मंडल ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम
के वीर सेनानियों और शहीदों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने
कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक
मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा स्मरण करते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
अपने
संबोधन में प्रभारी मंत्री ने जिले में सरकार की ओर से संचालित विकास
योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क
निर्माण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला।
मुख्य
समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए
थे। स्टेडियम परिसर और प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की
तैनाती की गई थी। समारोह में आने-जाने वाले लोगों पर सुरक्षाकर्मियों की
कड़ी निगरानी रही।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक
संतोष कुमार, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध
नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।















