जदिया में बाइक की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मौत, पटना ले जाने के दौरान तोड़ा दम
सुपौल, जिले के जदिया बाजार में सोमवार देर रात सड़क हादसे में
गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग की इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान मौत
हो गई।
मृतक की पहचान जदिया वार्ड नंबर-2 निवासी 83 वर्षीय नागो
यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, नागो यादव रात करीब 11 बजे
बुचन पोद्दार के यहां आयोजित सत्संग-कीर्तन में शामिल होने के बाद पैदल
अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कमल ठाकुर के घर के पास सामने से तेज रफ्तार
में आ रही अपाचे बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के
बाद वे सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही
बेहोश हो गए।हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे और घायल नागो यादव को इलाज के लिए
मधेपुरा मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने
उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।परिजन
उन्हें पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की
खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इधर,
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने हादसे में शामिल बाइक को पकड़ लिया और पुलिस
को सूचना दी। परिजनों की ओर से भी घटना को लेकर पुलिस से शिकायत की गई है।
जदिया थानाध्यक्ष ने मंगलवार सुबह बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी
करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले
की जांच में जुटी है।












