भागलपुर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने फहराया तिरंगा
भागलपुर, स्थानीय सैंडिस कंपाउंड मैदान में शनिवार को स्वतंत्रता
दिवस समारोह पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया।
इस मुख्य राजकीय समारोह में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के
मंत्री सह भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज
फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
इस ऐतिहासिक मौके पर भागलपुर की
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, आईजी विवेक कुमार, एसएसपी प्रमोद यादव समेत जिले
के तमाम वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह को
संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने केंद्र और बिहार सरकार
द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लोक-कल्याणकारी और विकास योजनाओं की प्रगति
रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर तबके के विकास के लिए
प्रतिबद्ध है और जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
अपने
संबोधन में मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बड़े फैसले का जिक्र
किया। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर की
ऐतिहासिक धरती से राज्य में 211 डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की है। यह कदम
भागलपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा
के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
विश्व प्रसिद्ध
श्रावणी मेला का विशेष जिक्र करते हुए नगर विकास एवं आवास मंत्री ने कहा कि
इस वर्ष शिवभक्तों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से पहली बार भव्य टेंट
सिटी का निर्माण कराया गया।
श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके
लिए भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों में टेंट सिटी की विश्वस्तरीय
व्यवस्था की गई। इससे मेला क्षेत्र में आने वाले लाखों कांवरियों को ठहरने
और अन्य जरूरी सुविधाएं बेहद सुलभ तरीके से मिल सकीं।
समारोह के
दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की, जिसे
देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।















