हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी और उजड़ गया सुहाग
सीवान, सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में शादी की
खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब शादी के अगले ही दिन एक
नवविवाहित युवक की करंट लगने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को
झकझोर कर रख दिया है। दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं
पड़ा था कि उसका सुहाग उजड़ गया।
मृतक नगई गांव निवासी ध्रुप महतो
के पुत्र गुड्डू महतो है। बताया जाता है कि 14 मई को गुड्डू की बारात गई थी
और 15 मई को दुल्हन के साथ बारात गांव लौटी थी। घर में शादी की रस्में,
हंसी-खुशी और मेहमानों की चहल-पहल जारी थी।
शुक्रवार की शाम ककन छुड़ाने की रस्म पूरी होने के बाद परिवार के लोग खाना खाकर आराम करने चले गए।
इसी
बीच देर रात घर की बिजली अचानक खराब हो गई। बताया जा रहा है कि गुड्डू खुद
बिजली के तार की जांच करने लगे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और
जोरदार झटका लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग आनन-फानन में
उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें
मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम
मच गया। नवविवाहिता बेसुध होकर रोती रही, जबकि घर की महिलाएं छाती पीटकर
विलाप करती रहीं। जिस आंगन में कुछ घंटे पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां
अब मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव में
शादी की खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ उजाड़ दिया। गांव के
लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















