मुख्यमंत्री सम्राट 26 अप्रैल को करेंगे गृह जिले मुंगेर का दौरा
पटना (PATNA): मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगामी 26 अप्रैल को अपने गृह जिला मुंगेर के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान तारापुर विधानसभा के असरगंज प्रखंड स्थित बैजलपुर का दौरा करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर व्यापक स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं. इस बीच सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ भी सुनेंगे. मुख्यमंत्री इस अवसर पर असरगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध ढोल पहाड़ी पर इकोटूरिज्म परियोजना का शिलान्यास करेंगे.
गृह जिले में सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन
इसके बाद मुख्यमंत्री तारापुर स्थित सिंचाई भवन अतिथि गृह पहुंचेंगे, जहां आमजन की ओर से उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया है. इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी की संभावना है. मुख्यमंत्री इस बाद लोगों से सीधे संवाद भी कर सकते हैं.
ढोल पहाड़ी को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने का प्रयास
मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि ढोल पहाड़ी को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा. मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी.















