पटना (PATNA): मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशन वितरण व्यवस्था की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सम्मानपूर्वक एवं बिना किसी बाधा के खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।


इन मुद्दों पर किया गया विचार-विमर्श 

मुख्यमंत्री चौधरी ने गुरुवार को पटना में लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ विभागीय योजनाओं एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में खाद्य सुरक्षा को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बिहार की ऑनलाइन सार्वजनिक वितरण प्रणाली का प्रदर्शन सराहनीय है: सीएम

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की ऑनलाइन सार्वजनिक वितरण प्रणाली का प्रदर्शन सराहनीय है और इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के सफल क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट वेयरहाउसिंग विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही 'सार्थक पीडीएस' मॉडल, उसके विभिन्न मॉड्यूल, तकनीकी संरचना एवं लागत साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

बुनियादी सुविधायें उपलब्ध करना सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी खाद्यान्न गोदामों (वेयरहाउस) की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित हो। सभी खाद्यान्न गोदामों में विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ बुनियादी सुविधायें उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के जो सुझाव प्राप्त हुये हैं उसके आलोक में विभाग समन्वय बनाकर तेजी से लक्ष्य को प्राप्त करे। चौधरी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने बिहार आकर योजनाओं की समीक्षा की और बिहार की तरक्की के लिये जो सहयोग का आश्वासन दिया है उसके लिये आभार व्यक्त करते हैं।