सुपौल, जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को भीमपुर थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ऑटो के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा लेकर गुजरने वाले हैं।

सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। दंडाधिकारी की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए ऑटो की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 100 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलुआ बाजार थाना क्षेत्र के कुशहर एराजी निवासी 21 वर्षीय मो. जाबीर और 21 वर्षीय इंतजार आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इनके नेटवर्क, आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में गहन जांच चल रही है।

इस मामले में भीमपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।