रांची (RANCHI): भारत अमेरिका के नेतृत्व वाले रणनीतिक गठबंधन ‘पैक्स सिलिका’ में शामिल हो गया है. समझौता महत्वपूर्ण खनिजों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला बनाने से जुड़ा है. नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इस पर हस्ताक्षर हुए. इसका उद्देश्य सेमीकंडक्टर और प्रौद्योगिकी सहयोग को मजबूत करना है.


अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में हुए हस्ताक्षर 

भारत मंडपम में आयोजित सम्मेलन में एक समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और अमेरिका के आर्थिक मामलों के अवर सचिव जैकब हेलबर्ग की उपस्थिति में इसपर हस्ताक्षर किए गए.

भविष्य उनका है जो निर्माण करते हैं: जैकब हेलबर्ग

अमेरिका के आर्थिक मामलों के अवर सचिव जैकब हेलबर्ग ने कहा कि पैक्स सिलिका इस बात की घोषणा है कि भविष्य उनका है जो निर्माण करते हैं और जब स्वतंत्र समाज साथ आते हैं तो नई संभावनाएं बनती हैं.

विनिर्माण और चिप डिजाइन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है पैक्स सिलिका समझौता

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पैक्स सिलिका समझौता सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला, विनिर्माण और चिप डिजाइन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. इससे देश में संपूर्ण सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को स्थापित करने में सहायता मिलेगी.